TMC Leaders Arrested: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला के रायपुर इलाके में आज बुधवार को उस समय हलचल मच गई, जब हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार तृणमूल (TMC) के दो नेताओं को पुलिस कमर में रस्सी बांधकर इलाके में लेकर पहुंची। आरोपियों को देखते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोग “चोर-चोर” चिल्लाने लगे।

जमीन पर कब्जा और चुनाव के बाद हिंसा फैलाने जैसे गंभीर आरोप
गिरफ्तार नेताओं की पहचान शेख बाप्पा और जहांगीर हाजी के रूप में हुई है। दोनों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने, चुनाव के बाद हिंसा फैलाने, आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इन धाराओं में मामला दर्ज होने के बाद अदालत ने दोनों को 28 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर महेशतला के रायपुर इलाके में पहुंची। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया था। मौके पर केंद्रीय बलों के जवानों के साथ महेशतला थाने की पुलिस भी तैनात रही। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल और आसपास के इलाकों में घुमाकर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की।
आरोपियों को देख भड़के लोग

जैसे ही दोनों आरोपी इलाके में पहुंचे, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।