गिरफ्तारी के बाद बढ़ी राजनीतिक चर्चा
Swarup Biswas arrested Kolkata: कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री अरूप बिश्वास के भाई स्वरूप बिश्वास को कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। उन्हें दक्षिण कोलकाता के दुर्गापुर कॉलोनी इलाके से रात करीब 9 बजे हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें लालबाजार के सेंट्रल लॉक-अप में रखा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को उन्हें अलीपुर अदालत में पेश किया जाएगा।
मामले की पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, सिमरन पाल नामक एक शिकायतकर्ता की लिखित शिकायत के आधार पर न्यू अलीपुर थाने में प्राथमिकी एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी। इस मामले में स्वरूप बिश्वास को आरोपी के रूप में नामित किया गया था। उसी मामले में जांच के दौरान पुलिस ने दुर्गापुर कॉलोनी से उन्हें गिरफ्तार किया।


शिकायत के आधार पर पुलिस की कार्रवाई शुरू हुई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता बीएनएस (BNS) की धारा 75(1), 308(4) और 308(5) के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम आर्म्स एक्ट (Arms Act) की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपी को लालबाजार लाया गया।
राजनीतिक हलचल, परिवार चुप
इस गिरफ्तारी से राज्य के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। हालांकि अब तक स्वरूप बिश्वास या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस ने जांच के हित में विस्तृत टिप्पणी से इनकार किया है।
अदालत के आदेश के बाद आगे की जांच प्रक्रिया तय होगी।

रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल