Tikal Chakraborty Arrest: पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक तिलक चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस लंबे समय से इस मामले की जांच कर रही थी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जल परियोजना में धांधली का आरोप
जानकारी के अनुसार महिषादल थाना पुलिस ने कल बुधवार देर रात तिलक चक्रवर्ती को उनके रथतला स्थित आवास से गिरफ्तार किया। उन पर विधानसभा क्षेत्र की गोंखाली जल परियोजना में दान के नाम पर करीब 6 लाख रुपये लेने का आरोप है। जांच एजेंसियों का मानना है कि परियोजना से जुड़े वित्तीय लेन-देन में अनियमितता हुई है। मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। गुरुवार को उन्हें हल्दिया उपमंडल अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।
राज्य की राजनीति में मची हलचल
इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। परियोजना से जुड़े कुछ कर्मचारियों का दावा है कि कथित तौर पर बड़ी रकम दिए बिना जल परियोजना का काम आगे बढ़ पाना संभव नहीं था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दूसरी ओर, तिलक चक्रवर्ती की गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर अदालत की कार्यवाही और पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।