मिहान बना रोजगार और औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र
MIHAN Nagpur future employment opportunities: नागपुर, 5 जून 2026। महाराष्ट्र शासन के मुख्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने आज नागपुर स्थित मिहान परियोजना का निरीक्षण किया। केंद्रीय सुविधा केंद्र में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने परियोजना की मौजूदा प्रगति और भविष्य की विकास योजनाओं का विस्तृत अवलोकन किया।
बैठक में महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी एमएडीसी (MADC) के सह-प्रबंध निदेशक डॉ. विपीन इटनकर ने परियोजना की उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने बताया कि मिहान ने अब तक 1.27 लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित किए हैं और भविष्य में लाखों अप्रत्यक्ष रोजगार उत्पन्न करने की क्षमता इस परियोजना में है।


मिहान में फिलहाल 100 से अधिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियां कार्यरत हैं। टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बोइंग और टेक महिंद्रा जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों की यहां सक्रिय उपस्थिति है। विमान रखरखाव एवं मरम्मत एमआरओ (MRO), आईटी, लॉजिस्टिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र के उद्योग यहां संचालित हो रहे हैं।
स्थानीय युवाओं के लिए बढ़ रहे नए रोजगार के अवसर
परियोजना प्रभावितों और स्थानीय युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। आईआईएम नागपुर की उपस्थिति भविष्य के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में सहायक भूमिका निभा रही है।
मिहान की यह प्रगति मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व और नागपुर जिले के पालकमंत्री श्री चंद्रशेखर बावनकुले के मार्गदर्शन का परिणाम बताई जा रही है। नागपुर अब मध्य भारत के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र