Khan Sir: फायरिंग मामले में दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारी की अटकलों के बीच चर्चित शिक्षक खान सर आज शनिवार को पटना सिविल कोर्ट पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण (सरेंडर) की प्रक्रिया शुरू की है। सरेंडर के बाद उनकी ओर से जमानत याचिका भी दाखिल की जा सकती है। पिछले कुछ दिनों से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी और उनके कोचिंग संस्थान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।
वकीलों के साथ कोर्ट पहुंचे खान सर
खान सर आज शनिवार दोपहर करीब सवा 12 बजे अपने वकीलों के साथ पटना सिविल कोर्ट पहुंचे। कोर्ट परिसर में उनके पहुंचने की खबर मिलते ही मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। पुलिस घटना के बाद से लगातार उनकी तलाश कर रही थी। वहीं, उनके समर्थकों और छात्रों के बीच भी इस मामले को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई थी। पुलिस की ओर से कोचिंग संस्थान और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी।
कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पटना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में खान सर उर्फ फैजल खान को नामजद अभियुक्त बनाया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या के प्रयास) समेत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा से जुड़े किसी भी विवाद या अफवाह के प्रभाव में न आएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, यह पूरा विवाद बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद शुरू हुआ था। आरोप है कि खान ग्लोबल स्टडीज और प्रतिद्वंद्वी संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी दौरान कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की घटना हुई। मामले में ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हालांकि, घटना के अगले दिन एक वीडियो सामने आया जिसमें खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्ड हवा में फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने खान सर को भी मामले में आरोपी बनाया। अब सभी की नजरें कोर्ट की कार्रवाई और खान सर की जमानत याचिका पर टिकी हुई हैं।