समृद्धि महामार्ग पर तड़के हुआ बड़ा सड़क हादसा
Samruddhi Mahamarg bus truck accident Mehkar: मेहकर (बुलढाणा), 8 जून। समृद्धि महामार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 27 यात्री घायल हो गए। इनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 12 को मामूली चोटें आई हैं।
यह दुर्घटना सुबह करीब 4:21 बजे नागपुर कॉरिडोर पर चैनल नंबर 278.800 के पास हुई। पुणे से नागपुर जा रही एमएच-31 एफसी-7468 नंबर की निजी ट्रैवल्स बस चालक का नियंत्रण खो जाने से वह आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच प्रक्रिया
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से मेहकर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजन निजी अस्पतालों में ले गए।
सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक अरविंद तिरणकर और पुलिस निरीक्षक व्यंकटेश्वर आलेवार अपनी टीम के साथ कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार संतोष मलोसे ने भी राहत कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल कर दिया।
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र