विषयसूची
ToggleChild Marriage: देश में लड़कियों की पढ़ाई और कम उम्र में शादी रोकने को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कई राज्यों में आज भी बाल विवाह की समस्या बनी हुई है। ‘सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम’ (SRS) 2024 की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। इस रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम बंगाल और झारखंड में सबसे ज्यादा बाल विवाह हो रहे हैं। यहां बड़ी संख्या में लड़कियों की शादी 18 साल की कानूनी उम्र से पहले कर दी जा रही है।
भारत के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी इस रिपोर्ट के अनुसार, देश में महिलाओं की शादी की औसत उम्र अब बढ़कर 23 साल हो गई है। साथ ही 73.5 प्रतिशत महिलाएं 21 साल की उम्र के बाद शादी कर रही हैं। हालांकि इसके बावजूद कई राज्यों में कम उम्र में शादी की परंपरा अब भी जारी है।
हर चार में से एक लड़की का हो रहा बाल विबाह
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में देशभर में शादी करने वाली 2.1 प्रतिशत लड़कियां 18 साल से कम उम्र की थीं। वहीं 24.5 प्रतिशत लड़कियों की शादी 18 से 20 साल के बीच हुई। यानी देश में हर चार में से एक लड़की की शादी 21 साल की उम्र से पहले हो रही है।
पश्चिम बंगाल में बाल विवाह के मामले सबसे अधिक
बाल विवाह के मामलों में पश्चिम बंगाल सबसे आगे है। यहां 18 साल से कम उम्र में शादी करने वाली लड़कियों का आंकड़ा 6.3 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके बाद झारखंड दूसरे नंबर पर है, जहां यह आंकड़ा 4.9 प्रतिशत रहा। छत्तीसगढ़ भी उन राज्यों में शामिल है जहां कम उम्र में लड़कियों की शादी अब भी बड़ी समस्या बनी हुई है।
ग्रामीण इलाकों में यह स्थिति और ज्यादा गंभीर दिखाई दी। रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण भारत में 2.4 प्रतिशत लड़कियों की शादी 18 साल से पहले हो गई। पश्चिम बंगाल के ग्रामीण इलाकों में यह आंकड़ा 5.9 प्रतिशत और झारखंड में 5.8 प्रतिशत रहा। वहीं शहरी क्षेत्रों में भी पश्चिम बंगाल सबसे आगे रहा, जहां बाल विवाह का आंकड़ा 7.6 प्रतिशत तक पहुंच गया।
दिल्ली में बाल विवाह का कोई मामला नहीं
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि दिल्ली में बाल विवाह का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ, जबकि केरल में यह दर सबसे कम 0.04 प्रतिशत रही। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी आंकड़े काफी कम पाए गए।
विशेषज्ञों का कहना है कि कम उम्र में शादी का सबसे ज्यादा असर लड़कियों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर पड़ता है। जल्दी शादी होने से कई लड़कियां स्कूल छोड़ देती हैं और कम उम्र में मां बनने के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।