सिवान में मानव सेवा की मजबूत पहचान बना ब्लड डोनर क्लब
Bihar Siwan Blood Donor Club 10 years Service: सिवान (बिहार)। मात्र 5 से 6 लोगों की छोटी टीम से शुरू हुई एक मानवीय पहल आज 1500 से अधिक सदस्यों के संगठन में बदल चुकी है। “सिवान ब्लड डोनर क्लब” बीते 10 वर्षों में अब तक लगभग 7000 जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराकर जीवनदान दे चुका है।
इस अभियान की नींव निलेश वर्मा ‘नील’ ने रखी थी। उनका उद्देश्य था जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाकर उनकी जान बचाना। आज यह संस्था देश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यरत अपने सदस्यों के माध्यम से सेवा का विस्तार कर रही है।



युवाओं के सहयोग से लगातार बढ़ रहा सेवा अभियान
थैलेसीमिया और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे दर्जनों मरीजों के लिए यह क्लब किसी संजीवनी से कम नहीं है। संस्था की टीम हर परिस्थिति में रक्त उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहती है।
क्लब से सिवान के समाजसेवी, अधिकारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यवसायी, शिक्षक और पत्रकार समाज के हर वर्ग के लोग जुड़े हुए हैं। विशेष रूप से नई पीढ़ी भी तेजी से इस संगठन से जुड़ रही है, जिससे यह युवाओं के लिए सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की प्रेरणा का केंद्र बनता जा रहा है।
इस अवसर पर क्लब प्रमुख निलेश वर्मा ‘नील’ के साथ डॉ. श्वेता रानी, डॉ. संजय सिंह, डॉ. राजन कल्याण सिंह और डॉ. प्रदीप कुमार ने भी अपने विचार साझा किए।
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर चुका यह क्लब सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की मिसाल बन चुका है। संस्था आने वाले वर्षों में अपनी सेवाओं का और विस्तार करने की दिशा में अग्रसर है।


रिपोर्ट: आकाश, बिहार