CM Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद फडणवीस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने महाराष्ट्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं और अभियानों की प्रगति की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी गई।
फडणवीस ने अपने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हर मुलाकात उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देती है। उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताते हुए लिखा कि उनका मार्गदर्शन हमेशा सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के विकास को लेकर केंद्र सरकार का सहयोग लगातार मिल रहा है।
PM मोदी से मिले महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस
राजनीतिक गलियारों में हलचल
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को काफी अहम मान रहे हैं। हाल के दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में कई मुद्दों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, वहीं महायुति गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे और रणनीति को लेकर भी लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री फडणवीस की प्रधानमंत्री से मुलाकात को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में महाराष्ट्र की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, निवेश, मेट्रो विस्तार, कृषि और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि राज्य में कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर केंद्र सरकार से सहयोग और मंजूरी पर भी बात हुई है।