विषयसूची
ToggleKedarnath Dham: उत्तराखंड की पवित्र वादियां आज एक बार फिर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी। आज सुबह ठीक 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। लंबे इंतजार के बाद बाबा केदार के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचे। कपाट खुलने से पहले मंदिर को करीब 51 क्विंटल फूलों से बेहद भव्य तरीके से सजाया गया था।
सीएम पुष्कर सिंह धामी भी रहे मौजूद
इस खास मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। अब अगले छह महीनों तक केदारनाथ धाम के कपाट खुले रहेंगे, जिससे चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो चुकी है।
हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
कपाट खुलने से पहले ही धाम में हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके थे। जब बाबा केदार की डोली मंदिर पहुंची, तो करीब 6-8 हजार भक्त वहां मौजूद थे। “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। हर तरफ भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियां फिर से शुरू हो गईं और भक्तों ने भाव-विभोर होकर दर्शन किए।
Finally the wait is over 🔥🔥❤️❤️❤️🚩🚩#kedarnath#harharmahadev https://t.co/7IilSSq0w6 pic.twitter.com/SzPcNRaiaB
— JYOTI सिंह DHILLON🇮🇳 (@NayaBharatHoon) April 21, 2026
23 अक्टूबर को बंद हुए थे कपाट
गौरतलब है कि पिछले साल 23 अक्टूबर 2025, भैया दूज के दिन केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। करीब छह महीने बाद अब एक बार फिर बाबा केदार अपने भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। यह समय हर श्रद्धालु के लिए बेहद खास माना जाता है।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर पर ट्वीट कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चारधाम यात्रा को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आस्था का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने बाबा केदार से सभी यात्रियों की सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।
जल्द खुलेंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट
उधर, बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। नरसिंह मंदिर से आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और गरुड़ डोली बद्रीनाथ के लिए रवाना हो चुकी है, जो परंपरा का अहम हिस्सा है।
चारधाम यात्रा के लिए 21 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
इस साल चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 21 लाख से ज्यादा लोग पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए है। साफ है कि इस बार यात्रा पिछले सालों के रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है और आस्था का यह पर्व और भी भव्य रूप ले सकता है।