नागपुर विभागीय तकनीकी प्रदर्शनी 2026 – भव्य उद्घाटन समारोह
Maharashtra Student Innovation Event: कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग तथा व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय, महाराष्ट्र राज्य के मार्गदर्शन में राज्यभर में आयोजित की जा रही तकनीकी प्रदर्शनी श्रृंखला के अंतर्गत आज नागपुर विभागीय तकनीकी प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन संत जगनाडे महाराज शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, नागपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
छह जिलों से 48 मॉडलों की प्रतिस्पर्धा: विद्यार्थियों ने दिखाई इंडस्ट्री-ओरिएंटेड नवाचार क्षमता
इस प्रदर्शनी में नागपुर विभाग के छह जिलों से कुल 48 मॉडलों ने भाग लिया। इंजीनियरिंग, नॉन-इंजीनियरिंग और इनोवेटिव श्रेणियों के विद्यार्थियों ने “इंडस्ट्री बेस्ट चैलेंज” की संकल्पना पर आधारित उत्कृष्ट और रचनात्मक मॉडल प्रस्तुत किए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता दर्ज कर अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पी. मोहन, अध्यक्ष, एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन हिंगणा के हाथों हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहसंचालक पि. टी. देवतळे (प्रादेशिक कार्यालय, नागपुर) ने की। इस अवसर पर मोहित देशपांडे (STRIVE HR Head), अरुण लांजेवार, योगेश खेराडे, सुमित डबरासे, रुपेश माकडे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
मान्यवरों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उद्योगोन्मुख, नवाचारी एवं रोजगार सृजन करने वाले प्रकल्प विकसित करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता से चयनित नौ उत्कृष्ट मॉडल राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेंगे। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता और तकनीकी कौशल का प्रेरक उदाहरण बनी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र