NEET UG 2026 Re-Exam: देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 का आयोजन 3 मई को किया गया था। परीक्षा के बाद कुछ केंद्रों से पेपर लीक की शिकायतें सामने आने पर प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। ऐसे में हजारों छात्र सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी मिल सके।
कब जारी होगी सिटी इंटिमेशन स्लिप
मालूम हो सिटी इंटिमेशन स्लिप एडमिट कार्ड से पहले जारी की जाने वाली महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक है। इसके माध्यम से उम्मीदवारों को यह पता चलता है कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित होगी। इससे दूसरे शहर में परीक्षा देने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों को यात्रा और ठहरने की व्यवस्था करने में आसानी होती है। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई मुख्य परीक्षा के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप 20 अप्रैल को जारी की गई थी। इसी पैटर्न को देखते हुए माना जा रहा है कि 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए सिटी स्लिप 7 या 8 जून के आसपास जारी की जा सकती है।
कैसे डाउनलोड करें सिटी इंटिमेशन स्लिप
सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले NEET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां होमपेज पर उपलब्ध City Intimation Slip लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवेदन संख्या, जन्मतिथि और अन्य जरूरी लॉगिन विवरण दर्ज कर सबमिट करना होगा। लॉगिन के बाद उम्मीदवारों को उनके परीक्षा शहर की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें और भविष्य के उपयोग के लिए स्लिप डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट भी सुरक्षित रखें।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
NTA की ओर से अभी सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। ऐसे में छात्रों को नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। सिटी स्लिप के बाद एडमिट कार्ड भी जारी किया जाएगा, जिसमें परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश उपलब्ध होंगे।