दुर्गापुर में भारत की जीत के जश्न के दौरान झगड़ा, युवक की नाक फूटी
Durgapur T20 celebration violence : दुर्गापुर (पश्चिम बर्धमान)। टी-ट्वेंटी विश्वकप में भारत की जीत का जश्न रविवार की रात दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में हिंसा में बदल गया। गोष्ठपाल सरणि में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को ईंट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए कई युवक इलाके में पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नयनांशु भट्टाचार्य नामक व्यक्ति ने सौगत दासगुप्ता नामक युवक पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में सौगत की नाक फट गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

शब्दबाजी को लेकर विवाद के बाद ईंट से हमला, घायल युवक अस्पताल में भर्ती
खून से लथपथ सौगत को तत्काल दुर्गापुर महकुमा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। सौगत दासगुप्ता ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे हमलावर के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल