नागपुर में गैस एजेंसी पर छापा, बड़ी संख्या में सिलेंडर मिले
Nagpur gas cylinder black market raid: नागपुर। खाद्य एवं नागरी आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जरीपटका पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गैस एजेंसी पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में एजेंसी परिसर के भीतर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें कथित तौर पर ब्लैक मार्केटिंग के उद्देश्य से छुपाकर रखा गया था।
विभाग के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त एजेंसी में सिलेंडर नियमित उपभोक्ताओं को आपूर्ति करने की बजाय अवैध रूप से संग्रहित किए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एजेंसी की जांच की और बड़ी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए।
जरीपटका इलाके में खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई उस समय की गई जब आम उपभोक्ता घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर परेशान रहते हैं और ब्लैक में ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
फिलहाल विभागीय अधिकारियों द्वारा एजेंसी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया में है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र