महाराष्ट्र में 17 से 20 मार्च तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना
Maharashtra thunderstorm rain alert march: मुंबई। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 17 से 20 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएँ चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के प्रारंभिक पूर्वानुमान के अनुसार यह स्थिति मुख्य रूप से दोपहर के बाद उत्पन्न हो सकती है।
विदर्भ, मराठवाड़ा, खानदेश और मध्य महाराष्ट्र के कई क्षेत्र इससे सर्वाधिक प्रभावित हो सकते हैं। इन इलाकों में बिजली चमकने, तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। पूर्वानुमान के मुताबिक 18 से 20 मार्च के बीच इन मौसमी गतिविधियों की तीव्रता और बढ़ सकती है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
किसानों को मौसम को देखते हुए फसल सुरक्षित रखने की सलाह
इस समय राज्य के कई हिस्सों में रबी फसलों की कटाई का कार्य जारी है। ऐसे में कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम के ताज़ा पूर्वानुमानों पर लगातार नज़र रखें और उसी के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं।
विभाग ने विशेष रूप से कहा है कि कटाई की गई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें अथवा तिरपाल से ढककर सुरक्षित करें, जिससे तेज हवा, बारिश और संभावित ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। किसानों को समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और स्पष्ट होने पर कृषि विभाग आगे की गाइडलाइन जारी कर सकता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र