नागपुर में आज शाम दिखेगा संघ स्वयंसेवकों का अनुशासन
RSS Path Sanchalan Mahal Chowk Nagpur: नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस (RSS) के कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय के तहत आज शुक्रवार, 23 मई को सायंकाल 6:30 बजे दो अलग-अलग मार्गों पर पथ संचलन निकाला जाएगा। दोनों दलों का संगम सायं 6:55 बजे महाल चौक पर होगा, जहां संघ के वरिष्ठ नेता अवलोकन करेंगे।
इस अवसर पर संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सर्वाधिकारी सरदार महेंद्र सिंह मग्गो तथा सह सरकार्यवाह अतुल लिमये उपस्थित रहेंगे।
वर्ग का विवरण
यह प्रशिक्षण वर्ग इन दिनों रेशिमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मारक परिसर में आयोजित है। देशभर के विभिन्न प्रांतों और भाषाई क्षेत्रों से आए 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 880 स्वयंसेवक यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ग में शाखा पद्धति, संगठन कार्य, सामाजिक जागरण, भारतीय संस्कृति और वर्तमान राष्ट्रीय विषयों पर विशेष मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
महाल चौक पर होगा दोनों दलों का संगम और अवलोकन
पहला दल रेशिमबाग द्वार क्रमांक 2 से निकलेगा और लोकांची शाळा चौक, अशोक चौक तथा छत्रपति शिवाजी चौक होते हुए महाल चौक पहुंचेगा।
दूसरा दल रेशिमबाग द्वार क्रमांक 5 से रवाना होकर गजानन चौक, झेंडा चौक और कल्याणेश्वर मंदिर मार्ग से महाल चौक तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात दोनों दल पुनः रेशिमबाग परिसर लौटेंगे।
यह पथ संचलन कार्यकर्ता विकास वर्ग की प्रशिक्षण प्रक्रिया का एक अभिन्न हिस्सा है, जो स्वयंसेवकों की सांगठनिक अनुशासन-क्षमता को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र