लोगों को धर्म, भाषा और जाति के नाम पर बांटने की कोशिश के खिलाफ वाम मोर्चा का अभियान
Biman Basu Left Front election campaign West Bengal: कोलकाता। वामफ्रंट के वरिष्ठ नेता और राज्य वामफ्रंट के अध्यक्ष बिमान बसु ने आगामी चुनाव को वामपंथी ताकतों के पुनरुत्थान की लड़ाई बताया है। उन्होंने कहा कि जो ताकतें जनता की तकलीफें बढ़ाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही हैं, उनके खिलाफ इस बार जोरदार संघर्ष किया जाएगा।
बसु ने स्पष्ट किया कि राज्य वामफ्रंट की ओर से उत्तर बंगाल से लेकर दक्षिण बंगाल और जंगलमहल तक हर क्षेत्र में सुनियोजित राजनीतिक प्रचार किया जाएगा। उन्होंने कहा,
“हमने अपने सहयोगियों को अपनी मंशा से अवगत करा दिया है और उन्होंने भी सहमति जताई है। हम जनता को एकजुट करना चाहते हैं, प्रचार को एकजुट करना चाहते हैं।”
वामफ्रंट नेता ने धर्म, भाषा और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिशों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी की शक्ल-सूरत को लेकर भी बातें होती हैं — यहाँ तक कि राष्ट्रपति कैसे दिखते हैं, इस पर टिप्पणी करने में जनप्रतिनिधि भी संकोच नहीं करते।
“इन सबके खिलाफ हम मुखर होकर आवाज उठाएंगे।”
वामफ्रंट आने वाले दिनों में पूरे पश्चिम बंगाल में सहयोगी दलों के साथ मिलकर संयुक्त प्रचार अभियान की रूपरेखा तैयार करेगा।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल