विषयसूची
ToggleSonia Gandhi: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को कल मंगलवार देर शाम तबीयत खराब होने के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है और इलाज जारी है। जैसे ही उनके भर्ती होने की खबर सामने आई, परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मां से मिलने अस्पताल पहुंचे। कुछ देर बाद राहुल गांधी अस्पताल से बाहर निकल गए।
जानकारी के मुताबिक, उन्हें फेफड़ों से जुड़ी परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टर अनूप बासु की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जनवरी में भी बिगड़ी थी तबीयत
मालूम हो इससे पहले भी इसी साल जनवरी में सोनिया गांधी को सांस लेने में तकलीफ के कारण इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय डॉक्टरों ने दिल्ली की सर्दी और बढ़ते वायु प्रदूषण को उनकी परेशानी की वजह बताया था, जिससे उनका ब्रोन्कियल अस्थमा बढ़ गया था। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की नजरें उनकी सेहत पर टिकी हैं और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
भारतीय राजनीति का बड़ा नाम है सोनिया गांधी
गौरतलब है कि सोनिया गांधी भारतीय राजनीति का एक बड़ा नाम रही हैं। वह वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं और इससे पहले पांच बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। साथ ही, वह कांग्रेस पार्टी की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाली नेता भी रही हैं।