कोलकाता: कोलकाता पुलिस के नॉर्थ डिवीजन ने एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए राजाबाजार साइंस कॉलेज के सामने बस स्टैंड से सटे फुटपाथ से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। अमहर्स्ट स्ट्रीट थाने की इस कार्रवाई में गोपन सूत्र से मिली सूचना के आधार पर सफलता मिली।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को युवक की संदिग्ध गतिविधियां देखकर शक हुआ। तलाशी लेने पर जो मिला वह चौंकाने वाला था —
बरामद सामग्री: 6 सिंगल शॉट अग्नेयास्त्र और 14 राउंड 8mm के जिंदा कारतूस।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद सोहेल अख्तर उर्फ आरजू के रूप में हुई है। वह बिहार के नालंदा जिले के बिहार शरीफ का निवासी है और स्व. जुबेर अख्तर का पुत्र है।
लालबाजार के जासूस इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह हथियार किसे और किस उद्देश्य से पहुँचाए जाने थे। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क की जड़ें कहाँ तक फैली हैं, यह भी खंगाला जा रहा है।
चुनावी माहौल के बीच कोलकाता में हथियारों की इस बड़ी खेप का पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक अहम सफलता मानी जा रही है।
रिपोर्ट: Ekbal, कोलकाता