मैदान और व्यवस्था पर प्रशासन का खास ध्यान
Chhatrapati Shivaji Maharaj Cup Kabaddi Tournament Koradi Nagpur: नागपुर। महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित छत्रपति शिवाजी महाराज कप राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता इस वर्ष 30 अप्रैल से 4 मई तक नागपुर जिले के कोराडी स्थित सेवानंद हाईस्कूल मैदान में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने स्थल का स्वयं दौरा कर मैदान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी अनिल बोरावार, राज्य क्रीड़ा मार्गदर्शक निशांत पाटील, तहसीलदार गणेश जगदाळे तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैदान पर पानी छिड़काव और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। तेज गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी मुकाबले शाम के समय आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाओं की तैयारी
मैदान पर चार मेट कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। दर्शकों के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी।
इस वर्ष प्रतियोगिता को कोराडी में आयोजित करने का प्रस्ताव विदर्भ कबड्डी एसोसिएशन ने रखा था, जिसे नागपुर जिला ग्रामीण कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष संकेत बावनकुळे ने स्वीकार किया।
प्रतियोगिता में राज्यभर की 16 पुरुष और 16 महिला टीमों सहित कुल 32 टीमें भाग लेंगी। खिलाड़ियों के ठहरने और आवागमन की विशेष व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई है।
यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है और राज्य के कबड्डी खिलाड़ियों के लिए एक प्रमुख मंच मानी जाती है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र