PM Narendra Modi: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। दूसरे चरण के प्रचार के दौरान उन्होंने हुगली नदी में नौका विहार किया और इस दौरान आम लोगों व नाविकों से मुलाकात की।
कोलकाता की सुबह उस वक्त खास हो गई जब प्रधानमंत्री नदी के बीच नाव पर सवार दिखे। उन्होंने नाविकों से बातचीत की, उनकी मेहनत को सराहा और उनके जीवन से जुड़ी बातें जानीं। नदी किनारे टहल रहे लोगों से भी पीएम मोदी ने मुलाकात की और कुछ लोगों को गले लगाकर अभिवादन किया।
हर बंगाली के दिल में गंगा
इस दौरान प्रधानमंत्री ने गंगा के महत्व को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हर बंगाली के दिल में गंगा की एक खास जगह है और यह नदी सिर्फ जलधारा नहीं, बल्कि एक पूरी सभ्यता की पहचान है। उन्होंने मां गंगा के प्रति आभार जताते हुए इसे संस्कृति और आस्था का प्रतीक बताया।
গতকাল সন্ধ্যায়, হাওড়া থেকে কলকাতা পর্যন্ত দীর্ঘ রোড-শো’র সময় হাওড়া ব্রিজের ওপর ছিলাম। আর আজ সকালে, হুগলি নদী থেকে এই ব্রিজকে দেখলাম! pic.twitter.com/UQgblRsetj
— Narendra Modi (@narendramodi) April 24, 2026
फोटोग्राफी करते नजर आये पीएम मोदी
नौका विहार के दौरान पीएम मोदी ने फोटोग्राफी का भी आनंद लिया। उन्होंने विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज को करीब से कैमरे में कैद किया। बाद में इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्होंने इस अनुभव को खास बताया।
हावड़ा में भव्य रोड शो
इससे पहले प्रधानमंत्री ने हावड़ा में एक भव्य रोड शो भी किया था, जिसमें लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। यह रोड शो हावड़ा ब्रिज से होकर गुजरा और कोलकाता में समाप्त हुआ। पीएम मोदी ने इसे जनता के उत्साह और बदलाव की चाह का प्रतीक बताया।
हुगली के किनारे बिताए गए इन पलों के जरिए प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के विकास और यहां के लोगों की समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।