Census 2027: राजधानी रांची के लोगों के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है। दरअसल जनगणना 2027 को लेकर रांची नगर निगम ने कल बुधवार को अहम जानकारी साझा की। मालूम हो इस बार जनगणना पहले से काफी अलग और आसान होने वाली है, क्योंकि अब लोग घर बैठे अपने मोबाइल फोन से खुद अपनी जानकारी भर सकेंगे। यानी पहली बार जनगणना में आम नागरिकों की सीधी भागीदारी डिजिटल तरीके से होगी।
रांची नगर निगम में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव और अपर नगर आयुक्त संजय कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना 2027 को सरल, पारदर्शी और तेज बनाने के लिए स्व-गणना यानी स्वयं विवरण भरने की सुविधा दी जा रही है।
1 -15 मई तक भर सकते हैं ऑनलाइन जानकारी
इसके तहत रांची के नागरिक 1 मई से 15 मई तक अपने मोबाइल या इंटरनेट की मदद से आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in/ पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी खुद भर सकेंगे। इससे लोगों को घर बैठे सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम इसलिए भी खास है ताकि सही और सटीक आंकड़े आसानी से जुटाए जा सकें।
16 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण
15 मई के बाद स्व-गणना की सुविधा बंद हो जाएगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण यानी घर-घर जाकर मकानों का विवरण जुटाने का काम किया जाएगा। इस दौरान हर घर से जरूरी जानकारी ली जाएगी ताकि जनसंख्या और आवास से जुड़ी सही तस्वीर सामने आ सके।
न तो कोई OTP न ही बैंक से संबंधित सवाल
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने साफ किया कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। लोगों से किसी भी तरह का ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगी जाएगी। फॉर्म में केवल जरूरी जनगणना संबंधी सवाल होंगे। मकान गणना के दौरान कुल 34 सवाल पूछे जाएंगे और अच्छी बात यह है कि फॉर्म 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से इसे भर सकें।
महापौर रौशनी खलखो ने लोगों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय जिम्मेदारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि सही जनगणना से ही सरकार भविष्य की योजनाएं बेहतर बना सकती है, चाहे वह सड़क हो, स्कूल हो या अस्पताल।
टोल फ्री नंबर 1855 पर मिलेगी सभी जानकारी
अधिकारियों ने यह भी कहा कि किसी अफवाह पर ध्यान न दें। कोई अधिकारी फोन करके ओटीपी या दस्तावेज नहीं मांगेगा। अगर किसी को जानकारी चाहिए तो इसके लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है।