हर पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर
Ayushman Card eKYC campaign Nagpur: नागपुर, 13 मई। जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए जिले में 18 मई से 18 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का स्पष्ट आदेश दिया है।
इस अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में गांव स्तर पर और शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर आयुष्मान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र लाभार्थियों तक सीधे पहुंचा जा सके।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलकिशोर फुटाणे, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. निवृत्ती राठोड तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार गहलोत उपस्थित थे।
योजना का लाभ: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना राज्य में संयुक्त रूप से लागू हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाई जाए। अभियान की तैयारी के तहत राशन दुकानदारों, ई-केवाईसी केंद्र संचालकों और आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण पहले ही शुरू कर दिया गया है।
18 मई से शिविर शुरू होने के साथ ही जिला प्रशासन लाभार्थियों की ई-केवाईसी की प्रगति की नियमित समीक्षा करेगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र