नागपुर में बुजुर्ग महिला की हत्या से इलाके में सनसनी
नागपुर। लश्करी बाग की गली नंबर 3 में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 65 वर्षीय महिला इंदु चौहान का शव उनके कमरे में नग्न अवस्था में खून से लथपथ मिला। कमरे का ताला बाहर से बंद था और चाबी भी बाहर ही छोड़ी गई थी जो इस हत्या को और अधिक रहस्यमय बनाती है।
कैसे हुआ खुलासा
सुबह लगभग 8 बजे जब इंदु चौहान नीचे नहीं आईं, तो उनके पति ऊपर उनके कमरे की ओर गए। ताला खोलते ही उन्होंने जो दृश्य देखा, वह दिल दहला देने वाला था इंदु नग्न अवस्था में गिरी पड़ी थीं और उनके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। पुलिस के अनुसार हत्यारा वारदात को अंजाम देकर बाहर से ताला लगाकर और चाबी वहीं छोड़कर फरार हो गया।


पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में रहते थे
पति और पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों एक ही मकान में ऊपर-नीचे अलग-अलग रहते थे हालांकि आपस में बातचीत होती रहती थी। पति सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होकर पेंशन पर जीवनयापन कर रहे हैं।
घर के अंदर नग्न हालत में मिला महिला का शव
इंदु चौहान का एक बेटा है जो बाहर नौकरी करता है, और दो विवाहित बेटियां हैं। परिवार की बहू एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में सरकारी सेवा में कार्यरत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किसने और किस कारण से की। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र