नागपुर में पथ संचलन को लेकर तैयारियां पूरी
RSS path sanchalan Nagpur Mahal Chowk: नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस (RSS) के कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय के अंतर्गत 23 मई, शुक्रवार की सायं नागपुर में पथ संचलन आयोजित किया जाएगा। दोनों संचलन दल सायं 6:55 बजे महाल चौक पर एकत्रित होंगे।
वर्ग का आयोजन व स्वयंसेवकों की संख्या
नागपुर के रेशिमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मारक परिसर में यह वर्ग आयोजित है। देशभर के विभिन्न प्रांतों एवं भाषाई क्षेत्रों से 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 880 स्वयंसेवक इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण में शाखा पद्धति, संगठन निर्माण, सामाजिक जागरण, राष्ट्रीय विषय एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
महाल चौक पर होगा दोनों संचलनों का संगम
सायं 6:30 बजे स्वयंसेवकों के दो अलग-अलग समूह दो मार्गों से पथ संचलन प्रारंभ करेंगे।
- पहला संचलन — रेशिमबाग द्वार क्रमांक 2 से निकलकर लोकांची शाळा चौक, अशोक चौक और छत्रपति शिवाजी चौक होते हुए महाल चौक पहुंचेगा।
- दूसरा संचलन — द्वार क्रमांक 5 से गजानन चौक, झेंडा चौक और कल्याणेश्वर मंदिर मार्ग से महाल चौक पहुंचेगा।
वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे अवलोकन
महाल चौक पर संगम के समय मा. सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, मा. सर्वाधिकारी सरदार महेंद्र सिंह मग्गो एवं मा. सह सरकार्यवाह अतुल लिमये सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी संचलन का अवलोकन करेंगे।
मीडिया प्रतिनिधियों को फोटो एवं वीडियो कवरेज के लिए आमंत्रित किया गया है। यह पथ संचलन वर्ग के समापन चरण की एक प्रमुख गतिविधि है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र