नजरुल के संदेश से समाज में एकता की बात
Kazi Nazrul Islam 127th birth anniversary Kolkata Municipal Corporation: कोलकाता नगर निगम केएमसी (KMC) में आज विद्रोही कवि काजी नजरुल इस्लाम की 127वीं जन्मजयंती धूमधाम से मनाई गई। नगर निगम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम, नगर आयुक्त स्मिता पांडे सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कवि की प्रतिकृति पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद नजरुल के गीतों और कविताओं का पाठ किया गया, जिसके माध्यम से उनकी धर्मनिरपेक्ष चेतना और मानवता के संदेश को उजागर किया गया।



नगर निगम के कार्यक्रम में दिखा लोगों का उत्साह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर फिरहाद हाकिम ने कहा, “काजी नजरुल इस्लाम सिर्फ बांग्ला साहित्य के नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनकी लेखनी आज भी लोगों को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की शक्ति देती है।” उन्होंने यह भी कहा कि “समाज में सद्भाव और एकता का संदेश फैलाने के लिए नजरुल के आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।”
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, नजरुल के साहित्य और विचारों को सम्मान देने के लिए आने वाले दिनों में भी कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह और उमंग का माहौल देखा गया।


रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल