Karnataka Politics: कर्नाटक की राजनीति में आज गुरुवार को उस समय हलचल और तेज हो गई जब मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के इस्तीफे की खबरों ने जोर पकड़ लिया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान सिद्दरमैया ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों को पद छोड़ने के फैसले की जानकारी दी। इसके बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है।
आज दोपहर 3 बजे लोकभवन जायेंगे मुख्यमंत्री सिद्दरमैया
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्दरमैया गुरुवार दोपहर 3 बजे लोकभवन जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता साफ करने का संकेत दिया है। हालांकि इस बीच लोकभवन के सूत्रों ने कहा कि सिद्दरमैया ने अभी तक राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने के लिए औपचारिक समय नहीं मांगा है। राज्यपाल फिलहाल निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं।
राहुल गांधी के कहने पर पद छोड़ रहे सिद्दरमैया?
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि सिद्दरमैया का यह फैसला कांग्रेस नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी के संदेश के बाद आया है। मुख्यमंत्री पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनसे इस्तीफा देने को कहेंगे तो वह तुरंत पद छोड़ देंगे।
बीते दिनों कांग्रेस आलाकमान ने सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को दिल्ली तलब किया था। वहां राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ कई दौर की अहम बैठकें हुईं। इन बैठकों के बाद ही कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गईं।
डी.के. शिवकुमार और सिद्दरमैया की भावुक तस्वीरें आई सामने
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से साझा की गई तस्वीरों ने भी सियासी अटकलों को और हवा दे दी। एक तस्वीर में डी.के. शिवकुमार भावुक नजर आए और सिद्दरमैया उन्हें गले लगाते दिखे। वहीं दूसरी तस्वीर में शिवकुमार मुख्यमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लेते दिखाई दिए। इन तस्वीरों को संभावित सत्ता हस्तांतरण के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सिद्दरमैया को राज्यसभा सीट मिलने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने सिद्दरमैया को राज्यसभा सीट और पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका की पेशकश भी की है। हालांकि खबर है कि उन्होंने फिलहाल इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है।
वहीं कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को कहा कि पार्टी ने अभी तक विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है और नेतृत्व परिवर्तन पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने मीडिया से अटकलों से बचने की अपील भी की।
अब पूरे देश की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या कर्नाटक को जल्द नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है।