कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध कपास बीज जब्त
illegal HTBT cotton seeds seized Nagpur: नागपुर, 8 जून। कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रण उड़नदस्ते और वाड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में नागपुर जिले के वाड़ी क्षेत्र से अवैध एचटीबीटी (HTBT) कपास बीजों का बड़ा जखीरा पकड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में 7.19 लाख रुपये मूल्य के 798 पैकेट नकली कपास बीज और 1.50 लाख रुपये कीमत की एक पिकअप वैन जब्त की गई।
कौन थे वाहन में?
आरोपी योगेश डबरासे (37) और वाहन चालक समीर काकड़े (31) दोनों निवासी वाड़ी, नागपुर एमएच-40-एके-1147 नंबर की पिकअप वैन से इन बीजों का परिवहन कर रहे थे। संयुक्त टीम ने वाहन रोककर तलाशी ली, जिसमें 16 बोरियों में भरे हुए बीज मिले।
कौन से ब्रांड नाम से बेचे जा रहे थे बीज?
जब्त बीज “विजया”, “माऊली”, “तिलक”, “गैलेक्सी हायपर” और “आरकॉट” नाम से बेचे जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार ये बीज किसानों को अवैध रूप से बेचने के लिए ले जाए जा रहे थे।
कौन-सी धाराओं में मामला दर्ज?
वाड़ी पुलिस थाने में बीज अधिनियम 1966, बीज नियंत्रण आदेश 1983, महाराष्ट्र कपास बीज अधिनियम 2009 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस और कृषि विभाग मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र