Amrawati Video Scandal: महाराष्ट्र के अमरावती के परतवाड़ा इलाके में सामने आए कथित वीडियो कांड ने पूरे महाराष्ट्र में हलचल मचा दी है। इस मामले में अब राजनीति भी तेज हो गई है। इसी बीच राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने इस पूरे घटना पर गंभीर बयान देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, अमरावती जिले के परतवाड़ा क्षेत्र में लड़कियों के साथ कथित यौन शोषण और आपत्तिजनक वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और इस केस की जांच के लिए विशेष SIT टीम भी गठित की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने किराए के कमरे में लड़कियों को बुलाकर उनके वीडियो बनाए और उन्हें वायरल किया।
अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा- प्यारे खान
इसी मामले को लेकर प्यारे खान ने कहा कि आयोग ने सच्चाई जानने के लिए एक टीम परतवाड़ा भेजी थी। अमरावती के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ राजनीतिक नेताओं ने अफवाह फैलाने की कोशिश की, जिससे माहौल खराब हो सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस आयुक्त राकेश ओला को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने ही बड़े नेता क्यों न हों।
सांसद नवनीत राणा पर साधा निशाना
प्यारे खान ने सांसद नवनीत राणा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब वह अमरावती में थीं, तब उन्हें इस गंभीर मामले की जानकारी क्यों नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि नवनीत राणा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं और उनके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग भी सामने आई है।
उन्होंने साफ कहा कि यह मामला पूरी तरह अपराध से जुड़ा है, इसमें धर्म का कोई एंगल नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की आरोपी के साथ तस्वीर सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
पीएम मोदी को पत्र लिखेंगे प्यारे खान
प्यारे खान ने यह भी कहा कि वे नरेंद्र मोदी और अमित शाह को पत्र लिखकर नवनीत राणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। वहीं, मुस्लिम समाज ने भी आरोपी का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला लिया है, जिससे साफ संदेश दिया जा सके कि समाज अपराधियों के साथ नहीं है।