Bharti Singh: कॉमेडी की दुनिया में हंसी बिखेरने वाली भारती सिंह के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। उनके आंगन में किलकारियों की गूंज लौट आई है। 41 वर्ष की उम्र में भारती सिंह दूसरी बार मां बनी हैं. उन्होंने बेटे को जन्म दिया है। आज सुबह भारती अपने काम के सिलसिले में शूटिंग के लिए तैयार थीं। सुबह उन्हें अपने लोकप्रिय कुकिंग-कॉमेडी शो ‘लाफ्टर शेफ’ की शूटिंग करनी थी, लेकिन अचानक वॉटर बैग फटने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
2017 में हुई थी शादी
भारती और हर्ष ने वर्ष 2017 में शादी की थी। इसके बाद 2022 में उनके पहले बेटे का जन्म हुआ, जिसे प्यार से ‘गोला’ कहा जाता है। गोला का असली नाम लक्ष्य है। पहले बच्चे के जन्म के बाद से ही भारती ने कई बार यह इच्छा जताई थी कि वह एक बार फिर मां बनना चाहती हैं। दोनों को फैंस और इंडस्ट्री के तमाम सितारों की ओर से लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है.
बेटी की चाह और अधूरी ख्वाहिश
भारती सिंह ने अपने कई इंटरव्यू और व्लॉग्स में यह खुलकर कहा था कि वह इस बार बेटी चाहती हैं। उन्होंने मजाकिया और भावुक अंदाज़ में कहा था कि वह चाहती हैं गोला के बाद उन्हें ‘गोली’ मिले। यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा था कि वह दीपिका पादुकोण की तरह अपनी बेटी को लहंगा पहनाना चाहेंगी।
हालांकि इस बार भी उनके घर बेटे का जन्म हुआ। बेटी की ख्वाहिश पूरी न होने के बावजूद भारती की खुशी में कोई कमी नहीं है। उनके लिए मातृत्व का अनुभव सबसे बड़ा तोहफा है, चाहे बेटा हो या बेटी।
गर्भावस्था में भी नहीं छोड़ा काम
भारती सिंह की पहचान केवल एक सफल कॉमेडियन के रूप में नहीं, बल्कि एक मेहनती और जुझारू कलाकार के रूप में भी है। उन्होंने अपनी पूरी गर्भावस्था के दौरान काम जारी रखा। वह ‘लाफ्टर शेफ’ के तीसरे सीजन की शूटिंग में लगातार सक्रिय रहीं और शो को होस्ट करती नजर आईं।
सेट पर वह अक्सर अपने आने वाले बच्चे को लेकर बातें किया करती थीं। उनके चेहरे पर उत्साह और ऊर्जा देखकर फैंस हैरान भी हुए और प्रेरित भी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की कि किस तरह वह प्रेग्नेंसी के दौरान भी अपने काम और जिम्मेदारियों को संतुलित कर रही हैं।
व्लॉग और मैटरनिटी शूट से जुड़ा सफर
काम के साथ-साथ भारती अपने व्लॉग्स के जरिए भी फैंस से जुड़ी रहीं। उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी से जुड़े अनुभव खुलकर साझा किए। हाल ही में उन्होंने एक मैटरनिटी फोटोशूट भी कराया था, जिसमें वह अपने बेबी बंप के साथ आत्मविश्वास और खुशियों से भरी नजर आईं।
इन तस्वीरों में उनका भारी बेबी बंप देखकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। कई लोगों ने अनुमान लगाया कि शायद भारती जुड़वां बच्चों की मां बनने वाली हैं।
फैंस की नजरें नन्हे मेहमान पर
अब फैंस को बेसब्री से भारती और हर्ष के दूसरे बेटे की पहली झलक का इंतजार है। जिस तरह पहले बेटे गोला ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीता था, उसी तरह नन्हा राजकुमार भी जल्द ही सुर्खियों में आने वाला है।