ट्रोल और डीजल की घबराहट में खरीदारी से बिगड़ी स्थिति
Nagpur fuel shortage panic buying: नागपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपीन इटनकर ने नागपुर के नागरिकों से अपील की है कि वे जरूरत से अधिक पेट्रोल या डीजल न खरीदें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और घबराहट में की जा रही अतिरिक्त खरीदारी ही आपूर्ति व्यवस्था को बाधित कर रही है।
जिले में पर्याप्त भंडार मौजूद
जिलाधिकारी के अनुसार, नागपुर जिले में इस समय लगभग 1 करोड़ 5 लाख लीटर डीजल और 35 लाख लीटर पेट्रोल का भंडार उपलब्ध है, जो दैनिक आवश्यकता से काफी अधिक है। इसके बावजूद पिछले दो-तीन दिनों में नागरिक पहले की तुलना में कहीं अधिक मात्रा में ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे कई पेट्रोल पंपों पर “ईंधन समाप्त” के बोर्ड लगाने की नौबत आ गई है।
डॉ. इटनकर ने कहा कि यदि लोग बिना घबराए केवल जरूरत के अनुसार ईंधन खरीदें, तो आपूर्ति जल्द सामान्य हो जाएगी।

डिब्बों-बोतलों में पेट्रोल नहीं मिलेगा
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंपों पर वाहनों के अलावा डिब्बों या बोतलों में पेट्रोल देना नियमों के विरुद्ध है और इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर ईंधन संकट को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरत के अनुसार पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इसके अलावा जिलाधिकारी ने तेल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे मांग के अनुरूप आपूर्ति बढ़ाना सुनिश्चित करें।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नागरिकों के सहयोग से इसे शीघ्र सामान्य किया जा सकता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र