गैस की कमी से बढ़ा तनाव
Nagpur LPG cylinder shortage: नागपुर। उत्तर नागपुर के जरीपटका इलाके में स्थित HP गैस एजेंसी के गोडाउन में बुधवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब एलपीजी (LPG) सिलेंडर की भारी किल्लत से तंग आए लोग एजेंसी से सिलेंडर उठाकर भाग गए। मामला बिगड़ता देख एजेंसी के अधिकारियों को पुलिस बुलानी पड़ी, जिसके बाद जाकर स्थिति नियंत्रण में आई।
क्या हुआ घटनास्थल पर?
घरों में गैस की किल्लत से परेशान लोग सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचे थे। कई घंटों तक इंतज़ार करने के बावजूद सिलेंडर न मिलने पर भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। इसी दौरान कुछ लोग एजेंसी के गोडाउन में घुस गए और वहां रखे एलपीजी (LPG) सिलेंडर उठाकर ले भागे।
एजेंसी अधिकारी हरीश मोहरले ने मौके पर बताया — “हमको पुलिस बुलाना पड़ी, तब कहीं लोग सिलेंडर वापस आए। लोगों ने हमसे झूमाझटकी कर रहे थे, इतनी बदतमीजी कर रहे थे, मारने के लिए उतारू हो गए थे। कुछ जनता सिलेंडर लेकर भाग गई — कुछ सिलेंडर मिले, कुछ नहीं मिले।”

पक्षपात का आरोप
ग्राहक प्रांजलि कान्होरे ने आरोप लगाया — “एजेंसी वाले पहचान वालों को अंदर से सिलेंडर दे रहे थे। हम लोग सुबह 6 बजे से खड़े थे — उनको दिया, हमको नहीं दिया। कुछ लोगों ने इस पर विरोध किया और उठाकर सिलेंडर ले गए।”
क्या है अब तक की स्थिति?
एजेंसी अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों ने सिलेंडर वापस लौटा दिए हैं, लेकिन अभी भी कुछ सिलेंडर वापस नहीं आए हैं। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति फिलहाल शांत है। क्षेत्र में एलपीजी (LPG)आपूर्ति की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र