Assembly Elections 2026: केरल, असम और पुडुचेरी में आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव मनाया जा रहा है। गुरुवार सुबह 7 बजे से तीनों राज्यों की सभी विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया। शुरुआती घंटों से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। तीनों राज्यों में एक ही चरण में मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक असम में 17.87%, पुडुचेरी में 17.41% और केरल में 16.23 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान शाम 5 बजे खत्म होगा। वहीं मतदान के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
असम में 126 विधानसभा सीट, 722 उम्मीदवार
असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है, जहां कुल 722 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। राज्यभर में 31,490 बूथ बनाए गए हैं, जहां करीब 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें महिलाओं की संख्या भी काफी बड़ी है, जो लोकतंत्र की मजबूती की ओर इशारा करती है।
केरल में 140 सीटों पर 883 उम्मीदवार
वहीं, केरल में 140 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। यहां चुनावी मुकाबला भी काफी दिलचस्प माना जा रहा है। कुल 883 उम्मीदवार मैदान में हैं और 2.71 करोड़ मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे। करीब 30,495 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.46 लाख से ज्यादा चुनाव कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिहाज से 76,000 पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान भी ड्यूटी पर मौजूद हैं।
पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीट
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर भी आज एक साथ मतदान हो रहा है। यहां भी सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
पीएम मोदी ने की वोट करने की अपील
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों राज्यों के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर युवाओं और महिलाओं से आगे आकर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने का आग्रह किया। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने लोगों से कहा कि ज्यादा से ज्यादा मतदान कर इस प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।