विषयसूची
ToggleNitish Kumar: बिहार की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक है। नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली है, जिसके साथ ही अब उनका मुख्यमंत्री पद छोड़ना तय माना जा रहा है। इस कदम के बाद बिहार में नई सरकार के गठन और नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सियासी हलचल भी तेज हो गई है।
राज्यसभा में नीतीश कुमार को सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद आज ही उनके वापस पटना लौटने की संभावना है, जहां आगे की रणनीति पर तेजी से काम होगा।
#Live:- राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण कर रहे माननीय नीतीश कुमार जी #शपथग्रहण #oathceremony #parliament https://t.co/MwtzdvokCg
— Janata Dal (United) (@Jduonline) April 10, 2026
कौन होगा बिहार का अगला सीएम ?
नीतीश कुमार के इस फैसले के साथ ही राज्य में नेतृत्व परिवर्तन लगभग तय हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। राजनीतिक गलियारों में इस वक्त बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सीएम बनाने की चर्चा तेज है। हालांकि इस पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
आज बीजेपी की बड़ी बैठक
दिल्ली में बीजेपी की ‘कोर ग्रुप’ बैठक भी आज हो रही है, जिसमें बिहार के नेतृत्व को लेकर अंतिम रणनीति तय की जा सकती है। इस बैठक में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व शामिल है, जबकि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा पहले से दिल्ली में मौजूद हैं। सूत्रों की मानें तो 14 अप्रैल को एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है।
नीतीश कुमार का इस्तीफा
नीतीश कुमार पहले ही 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके थे, जिससे उनके इस कदम के संकेत मिल गए थे। अब राज्यसभा में उनकी एंट्री के साथ यह साफ हो गया है कि वे सक्रिय राज्य की राजनीति से हटकर राष्ट्रीय राजनीति में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं।
हालांकि, जेडीयू नेताओं का कहना है कि आने वाली सरकार भी ‘नीतीश मॉडल’ पर ही काम करेगी। फिलहाल, बिहार की राजनीति एक अहम मोड़ पर खड़ी है, जहां अगले कुछ दिन राज्य के नए नेतृत्व और राजनीतिक दिशा को तय करने वाले साबित होंगे।