उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल। चुनाव से ऐन पहले बागदा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
कब और कहाँ हुई कार्रवाई?
शुक्रवार की रात बागदा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इलाके में गांजे की तस्करी हो रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अशारू हेरोभांगा श्मशान क्षेत्र में छापेमारी की। इसी दौरान एक बोरे के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
बोरे से निकला 13 किलो 700 ग्राम गांजा
पुलिस ने बोरे की तलाशी ली तो उसमें से 13 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
कौन है आरोपी?
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान तरीकुल मंडल के रूप में हुई, जो बनगाँ थाना क्षेत्र के भुलोट इलाके का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में तरीकुल ने स्वीकार किया कि वह इस गांजे को इस इलाके में बेचने के इरादे से लाया था।
अब आगे क्या?
बागदा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी तरीकुल मंडल को शनिवार को बनगाँ उपखंड न्यायालय में पेश किया। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी रखे हुए है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल