कोलकाता: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कोलकाता प्रेस क्लब की ओर से पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बंगाल चुनाव और देश की राजनीतिक स्थिति पर बेबाक राय रखी।
गहलोत ने कहा, “बंगाल का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। पूरे देश का गौरव बंगाल है। लेकिन मौजूदा हालात बहुत खतरनाक लग रहे हैं। Income Tax, ED और CBI से जो खेल चल रहा है, वह भयावह है।”
उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए कहा, “हिंदू-मुसलमान के नाम पर एजेंडा चलाया जा रहा है। देश चिंतित है कि बंगाल में लोकतंत्र का क्या होगा। अगर BJP यह चुनाव जीत गई तो बंगाल की क्या स्थिति होगी, यही सोच रहा हूँ।” उन्होंने यह भी कहा कि “आज तक किसी प्रधानमंत्री ने लोगों को उतना गुमराह नहीं किया, जितना मोदी जी ने किया।”
गहलोत ने NRC और CAA के मुद्दे पर भी भाजपा के अमित शाह और मोदी की आलोचना की और कहा कि चुनाव में पैसे की बर्बादी हो रही है और ED का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि 36 लाख लोगों के दस्तावेज होने के बावजूद वे मतदान नहीं कर पाए, और चुनाव से पहले सर्वदलीय बैठक भी नहीं हुई।
हालांकि गहलोत ने तृणमूल कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी का गुंडाराज तो अलग है। सारदा, नारदा जैसे भ्रष्टाचार सीमा पार कर चुके हैं। बंगाल में बेरोजगारी चरम पर है और बिना कटमनी के काम नहीं होता।”
कांग्रेस का पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस जो वादा करती है, वही करके दिखाती है। जो नहीं कर सकती, वह वादा नहीं करती। कांग्रेस के घोषणापत्र में यही झलकता है।”
बंगाल चुनाव में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ने के साथ गहलोत का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
रिपोर्ट: Ekbal, कोलकाता