मुख्यमंत्री सहायता निधि से गरीब मरीजों को मिल रहा सहारा
CM Medical Relief Fund serious patients support: नागपुर। मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि के जरिए महाराष्ट्र के आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच राज्य के 40,776 मरीजों को कुल ₹333 करोड़ 6 लाख 81 हजार 500 रुपए की सहायता प्रदान की गई है।
इस योजना के तहत हृदय, लिवर, किडनी और फेफड़ों का प्रत्यारोपण, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, कॉक्लियर इम्प्लांट, घुटना प्रत्यारोपण, हाथ प्रत्यारोपण, डायलिसिस, मस्तिष्क रोग, जले हुए मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायलों सहित करीब 20 प्रकार की गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर नागपुर में मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष की स्थापना की गई है, जो राज्य के उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अंतर्गत संचालित होता है।
बच्चों के कैंसर इलाज के लिए भी शुरू हुई विशेष मदद
बच्चों के कैंसर उपचार के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष, बीपीसीएल फाउंडेशन और टाटा मेमोरियल सेंटर के बीच एक विशेष सामंजस्य करार भी किया गया है। इसके तहत सीएसआर फंड से जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
कक्ष प्रमुख एवं सदस्य सचिव डॉ. सागर पांडे ने बताया, “इस योजना के कारण गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हजारों मरीजों को समय पर उपचार और आर्थिक सहारा मिल रहा है।”
यह योजना आगे भी जारी रहेगी और अधिक मरीजों तक इसका लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र