लंदन स्ट्रीट की हरियाली बचाने के लिए बढ़ी लोगों की आवाज
Nagpur London Street tree save greenery protest: नागपुर। खामला स्थित लंदन स्ट्रीट क्षेत्र के हरित पट्टे को संरक्षित करने के लिए ‘सेव ग्रीनरी ऑफ लंदन स्ट्रीट’ पर्यावरण मंच की पहल पर विभिन्न पर्यावरण संगठनों और स्थानीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें 50 से अधिक पदाधिकारी और नागरिकों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने का सर्वसम्मत निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लंदन स्ट्रीट के वृक्षों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण के अनुकूल विकास के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने और सरकार के समक्ष मांग रखने का भी निर्णय लिया गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए नागरिकों और संगठनों ने मिलाया हाथ
बैठक में आर. जे. प्रीति पटेल (सेव ग्रीनरी), शिवम हजारे (सेव ग्रीनरी), नंदू मानकर (दीपस्तंभ), नितेश चौधरी (ट्रा फाउंडेशन), नरेश क्षीरसागर (पायोनियर ओरियन सोसायटी), अधिवक्ता भोंगाडे, नगरसेवक ईश्वर ढेंगळे, नगरसेविका मायाताई हाडे, अनुसया काले और सचिन द्रवेकर उपस्थित रहे। सभी ने नागरिकों को इस पहल की विस्तृत जानकारी दी।
विभिन्न पर्यावरण संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने एकजुट होकर इस दिशा में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का संचालन
कार्यक्रम की प्रस्तावना आर. जे. प्रीति पटेल ने की। संचालन श्रावण फरकाडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन भूपेश नांदेकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम की सफलता के लिए जयंत पराते, नरेश क्षीरसागर, चितेस पोपट और भूपेश नांदेकर ने विशेष प्रयास किए।
अब इस मंच द्वारा मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को ज्ञापन सौंपने की तैयारी शुरू की जाएगी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र