जरूर पढ़ें

बंगाल की नई सरकार में कौन-कौन बना मंत्री? देखिये पूरी लिस्ट

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते शुभेंदु अधिकारी (Pic Credit- X @SethSanjayMP)

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट का गठन हो गया है। दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और क्षुदीराम टुडू समेत कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। नई कैबिनेट में संगठन, महिला और युवा चेहरों को खास महत्व दिया गया है।

Updated:

West Bengal Cabinet: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। 15 साल बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नई सरकार की शुरुआत की। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में हजारों लोगों की मौजूदगी ने इस पल को और खास बना दिया।
पीएम मोदी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

पीएम मोदी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। इसके अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी समारोह में शामिल हुए।

इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया, जबकि 15 साल से सत्ता में रही ममता बनर्जी की टीएमसी सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई। चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग भी देखने को मिली। दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पहले चरण में 93.19 प्रतिशत वोट पड़े। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान 92.47 प्रतिशत रहा, जो आजादी के बाद बंगाल का सबसे बड़ा वोटिंग प्रतिशत बताया जा रहा है।

दिलीप घोष बने मंत्री

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कई मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें सबसे चर्चित नाम दिलीप घोष का रहा। आरएसएस प्रचारक से राजनीति में आए दिलीप घोष ने बंगाल में बीजेपी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। वह मेदिनीपुर से सांसद भी रह चुके हैं।

कैबिनेट में एकमात्र महिला मंत्री अग्निमित्रा पॉल

नई कैबिनेट में एकमात्र महिला मंत्री अग्निमित्रा पॉल बनी हैं। आसनसोल दक्षिण से दो बार विधायक रहीं अग्निमित्रा राजनीति में आने से पहले फैशन डिजाइनर थीं और उन्होंने श्रीदेवी और हेमा मालिनी जैसी अभिनेत्रियों के लिए भी डिजाइन तैयार किए थे। चुनाव में उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार को 40 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।

कैबिनेट में इन नेताओं को मिली जगह

इसके अलावा उत्तर 24 परगना के बांगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनिया, जंगलमहल क्षेत्र के आदिवासी नेता क्षुदीराम टुडू और युवा चेहरे निशीथ प्रमाणिक को भी मंत्री बनाया गया है। निशीथ प्रमाणिक पहले केंद्र सरकार में गृह और खेल मंत्रालय में राज्य मंत्री रह चुके हैं और उत्तर बंगाल में बीजेपी का बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

हालांकि अभी मंत्रिमंडल पूरी तरह नहीं बना है। पश्चिम बंगाल में अधिकतम 44 मंत्री हो सकते हैं और फिलहाल 39 और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में बंगाल की राजनीति में कई और बड़े चेहरे सरकार का हिस्सा बन सकते हैं।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।