TVK Fan Attempt Suicide: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर उभरी है, लेकिन अब तक सरकार गठन का रास्ता साफ नहीं हो पाया है। बहुमत से कुछ सीटें दूर रहने और दूसरे दलों का खुला समर्थन न मिलने की वजह से राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है। इसी बीच आज शनिवार को होने वाला थलपति विजय का संभावित शपथ ग्रहण भी रद्द हो गया, जिससे उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
समर्थक ने खुद को लगायी आग
राज्य में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच एक बेहद भावुक और चिंताजनक घटना सामने आई। टीवीके प्रमुख थलपति विजय के एक समर्थक ने खुद को आग लगा ली। जानकारी के मुताबिक, करीब 40 वर्षीय इसक्कियप्पन विजय के मुख्यमंत्री बनने में हो रही देरी से बेहद परेशान और भावुक थे। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
चार महीने पहले भाला कर लिया था चेहरे के आर-पार
बताया जा रहा है कि इसक्कियप्पन लंबे समय से विजय के कट्टर समर्थक रहे हैं। चार महीने पहले भी उन्होंने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना करते हुए अपने चेहरे में 16 फीट लंबा ‘वेल’ यानी भाला आर-पार किया था। उस समय भी उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। अब एक बार फिर उनका यह कदम तमिलनाडु की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील
उधर, सरकार गठन को लेकर जारी खींचतान के बीच बीजेपी नेता और पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदराराजन ने थलपति विजय से अपील की है कि वह अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करें। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में लोग नई सरकार को लेकर भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं, लेकिन किसी भी हालत में हिंसा या आत्मघाती कदम सही नहीं हैं।
तमिलिसाई ने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जा रहा है और स्थिर सरकार बनाने के लिए सभी राजनीतिक संभावनाओं पर विचार हो रहा है।
इससे पहले भी समर्थक ने काटी थी कलाई
इससे पहले भी विजय के समर्थकों की भावनात्मक प्रतिक्रियाएं चर्चा में रह चुकी हैं। कुछ दिन पहले कृष्णागिरी में 28 वर्षीय एक युवक के. महेंद्रन ने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश की थी। बताया गया कि वह सोशल मीडिया पर फैली उन अफवाहों से परेशान था, जिनमें कहा जा रहा था कि थलपति विजय की पार्टी चुनाव हार सकती है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।