Blast in ECL Mine: ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की एक खदान में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पश्चिम बंगाल के कुनुस्तोरिया एरिया स्थित परशिया कोलियरी की भूमिगत खदान में अचानक हुए एयर ब्लास्ट में 40 से अधिक मजदूर घायल हो गए। वहीं एक मजदूर की मौत की खबर भी सामने आ रही है। हालांकि खदान प्रबंधन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खदान में काम कर रहे मजदूर कई फीट दूर गिरे
जानकारी के अनुसार, आज गुरुवार सुबह पहली पाली के दौरान करीब 10 बजे खनिक 27 नंबर सेक्शन में कोयला काटने का काम कर रहे थे। उसी समय अचानक खदान की एक परत से तेज दबाव के साथ एयर ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि अंदर काम कर रहे मजदूर कई फीट दूर जाकर गिर पड़े। कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायलों में ठेका मजदूरों के साथ कोलियरी के अतिरिक्त प्रबंधक दिलीप कुमार भी शामिल हैं।
दर्जनों मजदूरों की हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद खदान के अंदर चीख-पुकार मच गई। साथी मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ऊपर मौजूद अधिकारियों और बचाव दल को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल मजदूरों को खदान से बाहर निकालकर रानीगंज के बाँसड़ा एरिया अस्पताल, ईसीएल के अन्य अस्पतालों और दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मजदूर संगठनों में भारी नाराजगी
इस हादसे के बाद मजदूर संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। श्रमिक संगठनों का आरोप है कि खदान में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ। संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
हादसे के बाद खदान के बाहर मजदूरों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई। हर कोई अपने अपनों की सलामती की खबर जानने के लिए बेचैन नजर आया। इस घटना ने एक बार फिर खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।