West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर चल रही खींचतान चर्चा का विषय बनी हुई है। पार्टी के दो विधायकों ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को निष्कासित किए जाने के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ विधायक पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं और एक अलग समूह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
हस्ताक्षर विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला
पूरा मामला एक हस्ताक्षर विवाद से शुरू हुआ। आरोप लगाया गया कि एक राजनीतिक प्रस्ताव पर कुछ विधायकों के हस्ताक्षर जाली किए गए थे। इस शिकायत के बाद विधानसभा सचिवालय ने मामला दर्ज कराया और जांच की जिम्मेदारी सीआईडी को सौंप दी गई। जांच के दौरान ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा का नाम सामने आया, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस ने दोनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाकर बाहर का रास्ता दिखा दिया।
50 विधायकों संग पक रही खिचड़ी!
हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। राजनीतिक गलियारों में अब चर्चा है कि पार्टी से निकाले गए ये दोनों नेता अकेले नहीं हैं। सूत्रों का दावा है कि तृणमूल के करीब 50 विधायक उनके संपर्क में हैं। कहा जा रहा है कि ये विधायक पार्टी के अंदर एक अलग पहचान बनाना चाहते हैं और खुद को “वास्तविक तृणमूल” बताने की तैयारी कर रहे हैं।
मामले को आसान भाषा में समझें तो कुछ विधायकों का मानना है कि पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। वहीं पार्टी नेतृत्व का कहना है कि संगठन विरोधी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी वजह से दोनों विधायकों पर कार्रवाई की गई।
विधानसभा अध्यक्ष को प्रस्ताव सौंपने की तैयारी!
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में कोलकाता में एक बैठक भी हुई थी, जिसमें कई विधायक शामिल हुए थे। चर्चा है कि आने वाले दिनों में ये विधायक विधानसभा अध्यक्ष को एक प्रस्ताव सौंप सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि यदि यह नया समूह बनता है तो ऋतब्रत बनर्जी उसका चेहरा हो सकते हैं।
फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से किसी बड़े संकट की बात स्वीकार नहीं की गई है, लेकिन लगातार सामने आ रही खबरों ने बंगाल की राजनीति का माहौल गर्म कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यह नाराजगी कुछ दिनों में शांत हो जाएगी या फिर तृणमूल कांग्रेस के भीतर कोई बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।