आरक्षण और पारदर्शिता को लेकर बढ़ी मांग
Nagpur MNLU Reservation Recruitment BSP complaint: नागपुर, 1 जून 2026। महाराष्ट्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एमएनएलयू), नागपुर में आरक्षण, पीएचडी प्रवेश और पदभरती में कथित अनियमितताओं को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने विश्वविद्यालय प्रशासन को औपचारिक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और वंचित समाज के आरक्षण अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं। इसके साथ ही पीएचडी प्रवेश में पारदर्शिता, भर्ती में आरक्षण रोस्टर के पालन, बैकलॉग पदों की स्थिति और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से संबंधित मामलों पर जानकारी मांगी गई है।
बसपा नागपुर शहराध्यक्ष अनिकेत कुत्तरमारे ने आरोप लगाया कि कुलसचिव दीपक भागवत ने इन विषयों पर विस्तृत चर्चा करने से परहेज किया। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल को फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग करने से भी रोका गया।
भर्ती और बैकलॉग पदों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग हुई तेज़
कुत्तरमारे ने कहा, “यदि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार हुई हैं तो संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।”
बसपा ने विश्वविद्यालय से पीएचडी प्रवेश की श्रेणीवार मेरिट सूची, भर्ती रोस्टर और बैकलॉग पदों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा और मामला संबंधित आयोगों तथा न्यायालय के समक्ष ले जाया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र