मोटरसाइकिलों को आग लगाने के बाद बढ़ा डर का माहौल
Nagpur Isasani ward Bike Arson family Attack: नागपुर। ईसासनी वार्ड क्रमांक 6 में चार अज्ञात युवकों ने रात के अंधेरे में एक परिवार पर कहर बरपाया। हमलावरों ने पीड़ित दत्तात्रय शिवाजी गायकवाड की दो मोटरसाइकिलों स्प्लेंडर और ड्रीम युगा में आग लगा दी, जिससे दोनों वाहन मीटर सहित पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
वाहनों में आग लगाने के बाद चारों युवकों ने घर के बाहर उत्पात मचाना शुरू किया। इसके बाद वे घर के भीतर घुसने का प्रयास करने लगे। हमलावरों ने घर पर पत्थर और ईंटें फेंकीं, जिससे दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। घर में घुसकर भी पत्थरबाजी जारी रही, जिससे परिवार के सदस्य भय से दहशत में आ गए।


स्थिति इतनी भयावह हो गई कि परिवार के लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घर के शौचालय और बाथरूम में छिपना पड़ा।
पुलिस के पहुंचने से टला बड़ा हादसा
इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के दो जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन भागते समय उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भी पत्थरबाजी की। समय रहते पुलिस के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार की जान बच सकी।
पीड़ित दत्तात्रय गायकवाड के अनुसार, यह केवल आगजनी नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार पर एक सुनियोजित जानलेवा हमला था।
इस घटना से ईसासनी वार्ड के नागरिकों में गहरी चिंता और आक्रोश है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र