Delhi Fire News: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित हौजरानी के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आज बुधवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कुछ विदेशी नागरिकों के भी शामिल होने की सूचना है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बचाव कार्य कई घंटों तक जारी रहा।
अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक घटना!
दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित होटल में लगी भीषण आग में 20 से ज्यादा लोगों की मौत , कई घायल.
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
ॐ शांति!#DelhiFire #MalviyaNagar pic.twitter.com/fDAI45rGyE— Girish Chandra Pandey (@GirishC86267368) June 3, 2026
घटना के वक्त रेस्टोरेंट में करीब 60 लोग थे मौजूद
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:50 बजे रेस्टोरेंट के बेसमेंट में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय रेस्टोरेंट में नाश्ता चल रहा था और वहां 60 से अधिक लोग मौजूद थे। इमारत के ऊपरी हिस्से में एक गेस्ट हाउस भी संचालित था, जहां कई विदेशी नागरिक और मैक्स अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन ठहरे हुए थे।
आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग इमारत के भीतर फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की। कई लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
आग बुझाने पहुंची दमकल विभाग की 10 गाड़ियां
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर रविंदर मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा कि हादसे में 21 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।