सीवान के गुठनी में आटा और कंबल के बीच छिपाई 13.50 लाख रुपये की शराब बरामद

सीवान गुठनी शराब बरामदगी: सीवान के गुठनी में पुलिस ने मेहरौना मुख्य मार्ग पर जांच के दौरान एक कंटेनर से 1728 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब आटा और कंबल के बीच छिपाई गई थी। इसकी कीमत करीब 13 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चालक वीरेंद्र राय को गिरफ्तार किया है। खेप की डिलीवरी पटना में होनी थी।
विषयसूची
गुठनी में कंटेनर से शराब की बड़ी खेप बरामद
सीवान गुठनी शराब बरामदगी: सीवान जिले के गुठनी में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुठनी चौराहा के समीप मेहरौना मुख्य मार्ग पर पुलिस ने एक कंटेनर से करीब 13 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकरपुर चेकपोस्ट के रास्ते शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने मेहरौना मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में कंटेनर के अंदर आटा और कंबल के बीच बनाए गए तहखाने में छिपाकर रखी गई शराब मिली। कंटेनर से 200 कार्टन में कुल 1728 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।



आटा और कंबल के बीच छिपाई गई थी शराब
पुलिस ने सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र निवासी चालक वीरेंद्र राय को गिरफ्तार किया है। शराब की यह खेप पटना में डिलीवर की जानी थी।
मामले की पुष्टि करते हुए मैरवा एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने घटना की जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।



रिपोर्ट: आकाश, बिहार

