नागपुर में शराब की दुकान के सामने से एक्टिवा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नागपुर में एक्टिवा चोरी के मामले में पंचपावली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी: नागपुर की पाचपावली पुलिस ने एक्टिवा चोरी के मामले में जिशान अब्दुल हफीज शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो चोरी की एक्टिवा और चोरी में इस्तेमाल टाटा इंडिका कार बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत 3.35 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कार का रंग बदलकर उसकी पहचान छिपाता था।
विषयसूची
नागपुर में एक्टिवा चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई
नागपुर में एक्टिवा चोरी के मामले में पंचपावली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी: नागपुर: पाचपावली पुलिस ने शराब की दुकान के सामने से एक्टिवा चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की दो एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल की गई कार समेत कुल 3 लाख 35 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिशान अब्दुल हफीज शेख (25), निवासी आसी नगर, गौसिया मस्जिद के पास, पाचपावली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पाचपावली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 637/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में यह कार्रवाई की गई।
शराब पीने गया था, लौटा तो एक्टिवा गायब
शिकायतकर्ता नितीन भारत रंगारी की काली रंग की होंडा एक्टिवा (कीमत करीब 30 हजार रुपये) 29 अगस्त को टेका नाका स्थित जॉली देशी शराब की दुकान के सामने से चोरी हो गई थी। रंगारी वाहन खड़ा कर शराब पीने दुकान में गया था। अधिक शराब पीने के कारण वह दुकान के सामने पेड़ के नीचे सो गया। शाम करीब 7 बजे पत्नी का फोन आने पर वह जागा और वाहन के पास पहुंचा, तो एक्टिवा गायब थी।
तकनीकी माध्यम और गुप्त सूचना से मिला सुराग
पुलिस ने तकनीकी माध्यमों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान उसके कब्जे से शिकायतकर्ता की चोरी हुई काली एक्टिवा बरामद की गई। इसके अलावा शांतिनगर थाना क्षेत्र से चोरी हुई लाल रंग की होंडा एक्टिवा, जिसकी कीमत करीब 55 हजार रुपये है, भी बरामद की गई।
पेंट की गई कार भी जब्त
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काली पेंट की गई सफेद रंग की टाटा इंडिका वी2 एलएक्स कार (एमएच-12-एनएक्स-0580) भी जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल 3.35 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले सफेद रंग की कार का इस्तेमाल कर वाहन चोरी करता था। बाद में पहचान छिपाने के लिए उसने कार को काले रंग से पेंट कर दिया था।
मामले की आगे जांच जारी है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

