Nitin Nabin in Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रांची पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की।
झारखंड आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू जी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत से अभिभूत हूँ।@AdityaPdSahu @BJP4Jharkhand pic.twitter.com/MXNqva8Amg
— Nitin Nabin (@NitinNabin) June 6, 2026
सांसद-विधायकों संग करेंगे बैठक
प्रदेश कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह के बाद नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। उनके दौरे के दौरान सांसदों और विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें संगठन की वर्तमान स्थिति, जनसरोकार के मुद्दों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा वे प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भी बैठक कर संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और भविष्य की रणनीति को लेकर मंथन करेंगे।
कार्निवल बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम का आयोजन
अपने दौरे के अंतिम चरण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा। भाजपा नेताओं का मानना है कि नितिन नवीन का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ झारखंड में पार्टी की आगामी रणनीतियों को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।