Nagpur News: एकल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नई नीति बनाने की तैयारी, सरकार ने मांगे सुझाव

Maharashtra Ekla Mahila Niti Suggestions: महाराष्ट्र सरकार ने विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अविवाहित और अन्य एकल महिलाओं के लिए अलग “एकल महिला नीति” बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। नीति को प्रभावी बनाने के लिए नागरिकों, महिला संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशेषज्ञों से सुझाव मांगे गए हैं। प्रस्तावित नीति में सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और कानूनी सहायता जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विषयसूची
एकल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नई पहल
Maharashtra Ekla Mahila Niti Suggestions: नागपुर। महाराष्ट्र राज्य सरकार ने विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अविवाहित तथा अन्य एकल महिलाओं के सर्वांगीण सशक्तिकरण के लिए एक स्वतंत्र “एकल महिला नीति” तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सरकार ने इस नीति को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से राज्यभर के नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं तथा विषय विशेषज्ञों से सुझाव और अभिमत आमंत्रित किए हैं।
नीति में किन क्षेत्रों पर होगा ध्यान
प्रस्तावित नीति के तहत एकल महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, रोजगार के अवसर, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षित आवास तथा कानूनी संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिससे एकल महिलाएं सम्मानजनक जीवन जी सकें और समाज में उन्हें समान अवसर मिल सकें।
नीति निर्माण में नागरिकों और विशेषज्ञों की भागीदारी महत्वपूर्ण
सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल संक्षिप्त सुझाव नहीं, बल्कि विषय की पृष्ठभूमि, प्रस्तावित समाधान, संभावित लाभार्थियों, क्रियान्वयन की रूपरेखा तथा अपेक्षित परिणामों का विस्तृत विवरण भेजा जाए। इससे नीति निर्माण प्रक्रिया को व्यावहारिक और परिणामोन्मुख बनाने में सहायता मिलेगी।
इच्छुक नागरिक, महिला संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और विशेषज्ञ अपने सुझाव राज्य शासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 8208589195 पर भेज सकते हैं।
प्राप्त सुझावों के आधार पर एकल महिला नीति का मसौदा तैयार किया जाएगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

