National News: देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नागपुर में आधुनिक एल्युमिनियम प्रकल्प का शुभारंभ

Nagpur aluminium extrusion press defence project: नागपुर में यंत्र इंडिया लिमिटेड की अंबाझरी आयुध निर्माणी में 10 हजार टन क्षमता वाले आधुनिक एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रेस प्रकल्प का भूमिपूजन किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इससे नागपुर देश के प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होगा।
विषयसूची
भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया बल
Nagpur aluminium extrusion press defence project: नागपुर, 19 जून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यंत्र इंडिया लिमिटेड के अंबाझरी आयुध निर्माणी में आयोजित भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को भविष्य में पूरी तरह रक्षा-सज्ज और सुरक्षित बनाने के लिए रक्षा क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर देश का स्वयं का नियंत्रण होना जरूरी है।

यहां स्थापित होने वाला 10 हजार टन क्षमता का अत्याधुनिक एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रेस प्रकल्प देश को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह प्रकल्प रक्षा, एयरोस्पेस, विमान निर्माण, मिसाइल कार्यक्रम, रेलवे तथा अन्य रणनीतिक क्षेत्रों के लिए जरूरी उच्च गुणवत्ता वाली एल्युमिनियम मिश्रधातुओं के उत्पादन को बढ़ावा देगा, जिससे आयात पर निर्भरता घटेगी और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी।

रक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 में देश का रक्षा उत्पादन लगभग 46 हजार करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं रक्षा निर्यात भी 1 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 38 हजार 424 करोड़ रुपये हो गया है।
नागपुर में आधुनिक एल्युमिनियम प्रकल्प से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला कदम है, जिससे नागपुर और विदर्भ क्षेत्र देश के रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र का प्रमुख केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को भारत की सामरिक क्षमता का परिचय कराया है और यह नया भारत आत्मविश्वास, क्षमता और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ रहा है।
समारोह स्थल अंबाझरी आयुध निर्माणी परिसर में आयोजित किया गया, जहां केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रकल्प के निर्माण कार्य की समयसीमा को लेकर आधिकारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

